
मेरी मासूम बच्ची ने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा था, वो तो कन्या भोज के लिए आई थी.. उसके चेहरे, शरीर को बुरी तरह से नोंचा गया है। दुर्ग में 6 साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कन्या भोज के लिए गई 6 साल की मासूम की लाश पड़ोसी युवक की कार में मिली है। परिजनों ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने आरोपी युवक के कार और घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी।
पूरा मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह 9 बजे बच्ची पास के मंदिर में अन्य बच्चियों के साथ कन्या भोज के लिए गई थी। जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
दिनभर तलाश के बावजूद मासूम का पता नहीं चला। शाम को बच्ची की लाश घर के पास पार्क एक युवक (28) की कार में पाई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को दुर्ग जिला अस्पताल भेजा, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने शुरुआती जांच में बच्ची की मौत का कारण इलेक्ट्रिक शॉक बताया है।

मासूम की दादी ने बताया कि उन्होंने युवक को दिन में कार के आसपास घूमते देखा था। युवक की तीन-चार कार है। शाम को उसने ही जानकारी दी कि बच्ची कार में है। कार लॉक थी, उसने ही दरवाजा खोला।
दादी ने बताया कि बच्ची बहुत बुरी हालत में सीट के नीचे पड़ी थी, उसके हाथ अकड़े हुए थे। चेहरे पर खरोंच के निशान थे। होंठ और नाक से खून निकल रहा था। पूरे शरीर पर चोट के निशान थे, चमड़ी उधड़ी हुई थी।
बच्ची की लाश मिलने की सूचना मिलते ही पूरे लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने वहां खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस वहां पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया की जांच की जा रही है, आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। वहीं संदेही को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था। उन्होंने देर रात संदेही बादल के घर जाकर आग लगा दी। बड़ी मुश्किल में घर के लोगों ने अपनी जान बचाई। आग लगने से घर के बाहर खड़ी बाइक पूरी जल गई। परिजन घर में ताला लगाकर दूसरी जगह चले गए हैं। पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इधर 6 साल की मासूम की मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मां का कहना है कि उसकी बच्ची रामनवमी पर सुबह-सुबह हंसते हुए नौ कन्या भोग खाने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। कई घंटे तलाश करने के बाद देर शाम को एक कार के अंदर बुरी हालत में मिली।
मोहन नगर टीआई शिव कुमार चंद्रा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। मेडिकल जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।



